कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में श्योपुर जिले को बालिका शिक्षा के क्षेत्र में बडी उपलब्धि हासिल हुई है, देश के 16 राज्यों में संचालित उक्त कार्यक्रम के तहत दिल्ली में आयोजित समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए श्योपुर जिले को सम्मानित किया गया है। बालिका शिक्षा अंतर्गत जीवन कौशल शिक्षा के क्षेत्र में श्योपुर ज़िले ने राष्ट्रीय स्तर पर ज़िले को गौरवान्वित किया है। जिला शिक्षा केन्द्र अंतर्गत संचालित रूम टू रीड संस्था द्वारा देश के 16 राज्यों में बालिका शिक्षा और साक्षरता कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर श्योपुर ज़िले को नई दिल्ली में सम्मानित किया गया है। उक्त कार्यक्रम के दौरान देश के 16 राज्यों में से उत्कृष्ट कार्यो के लिए मध्यप्रदेश का श्योपुर जिला और उतराखण्ड के देहरादून जिले को यह सम्मान प्राप्त हुआ है।
74 माध्यमिक शालाओं में हो रहा है नवाचार
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में ज़िला शिक्षा केंद्र श्योपुर के सहयोग से रूम टू रीड संस्था द्वारा आदिवासी बाहुल्य कराहल विकासखंड की समस्त 74 माध्यमिक शालाओं में परियोजना शक्ति का संचालन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत इन सभी विद्यालयों की बालिकाओं को नियमित जीवन कौशल सत्रों के माध्यम से आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है।
दिल्ली में ज़िले का प्रतिनिधित्व
इस कार्यक्रम के तहत ज़िले में हो रहे सराहनीय कार्यों को देखते हुए 17 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में कम्युनिटी कैम्पेन हर कदम बेटी के संग डिजिटल समानता के भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में ज़िला शिक्षा केंद्र श्योपुर को रूम टू रीड संस्था के साथ मिलकर जीवन कौशल शिक्षा पर किए गए उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कार प्रदान किया गया। इस राष्ट्रीय मंच पर श्योपुर ज़िले का प्रतिनिधित्व सहायक परियोजना समन्वयक (जेंडर) श्री राम प्रताप सिंह जादौन ने किया और ज़िले की ओर से यह गौरवपूर्ण सम्मान ग्रहण किया। जिला शिक्षा केन्द्र एवं रूम टू रीड संस्था की टीम द्वारा इस पुरस्कार के लिए कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन को श्रेय प्रदान किया गया है।


