शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और शासकीय सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजस्व विभाग द्वारा संवेदनशीलता के साथ पहल की जा रही है। इसी क्रम में गाडरवारा तहसील में बुजुर्ग एवं दिव्यांग हितग्राहियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए घर पहुंचकर तथा वाहन की व्यवस्था कर स्वामित्व रजिस्ट्री से संबंधित आवश्यक कार्य पूर्ण कराए गए।
गाडरवारा तहसील के ग्राम धमेटा स्थित पहन क्रमांक 170 में 83 वर्षीय श्रीमती भूरी बाई कहार पति श्री बुद्धा कहार को घर पहुंचकर स्वामित्व रजिस्ट्री उपलब्ध कराई गई। श्रीमती भूरी बाई बचपन से दृष्टिबाधित हैं और लगभग 90 प्रतिशत दृष्टिबाधिता से प्रभावित हैं। उनकी अधिक उम्र एवं दिव्यांगता को देखते हुए हल्का पटवारी श्री रामकुमार श्रीवास्तव ने स्वयं उनके घर पहुंचकर स्वामित्व रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूर्ण कराई तथा उन्हें रजिस्ट्री सौंपी। इस पहल से उन्हें शासकीय कार्यालय तक आने-जाने की परेशानी से राहत मिली।
इसी तरह पटवारी श्रीमती अंजली ठाकुर ने अपने हल्के के छह गांवों पटकुही, तुईयापानी, करीकोटा, डोंगराकोह, प्रेमपुर एवं सदावर के अतिवृद्ध हितग्राहियों की सुविधा के लिए वाहन की व्यवस्था की। इसके माध्यम से बुजुर्ग हितग्राहियों को आधार केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनके आधार एवं समग्र आईडी की लिंकिंग की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई। इससे स्वामित्व रजिस्ट्री तैयार करने का कार्य भी सुगमता से पूरा हो सका।
राजस्व विभाग की इस पहल से बुजुर्ग एवं दिव्यांग हितग्राहियों को आवागमन और शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने की परेशानी से राहत मिली। साथ ही यह पहल दर्शाती है कि प्रशासन शासकीय सेवाओं को केवल कार्यालयों तक सीमित न रखते हुए जरूरतमंदों की परिस्थितियों और सुविधाओं के अनुरूप उनके घर तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है।







