औद्योगिक क्षेत्र नरसरहा के भूखण्ड आवंटन, अतिक्रमण एवं अधोसंरचना विकास के संबंध में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र शहडोल द्वारा औद्योगिक क्षेत्र नरसरहा की वस्तुस्थिति की जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र नरसरहा में कुल 51 भूखण्ड हैं, जिनमें 45 भूखण्ड औद्योगिक प्रयोजन तथा 6 भूखण्ड बैंक, फायर स्टेशन, कार्यालय आदि अन्य अनुषांगिक प्रयोजनों के लिए आरक्षित हैं।

औद्योगिक क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति वाले भूखण्डों को समय-समय पर कार्यवाही कर अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। अतिक्रमण मुक्त 35 भूखण्ड 19 इकाईयों को आवंटित किए गए थे, जिनमें 12 इकाईयां वर्तमान में कार्यरत हैं। बंद इकाईयों के संबंध में मध्यप्रदेश एमएसएमई को औद्योगिक भूमि तथा भवन आवंटन एवं प्रबंधन नियमों के तहत नियमानुसार कार्यवाही की गई है। अतिक्रमित भूखण्डों के संबंध में राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सीमांकन कर 8 भूखण्ड अतिक्रमण मुक्त कराए गए। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट शहडोल के आदेश के अनुसार अतिक्रमित भूखण्डों के एवज में औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार के लिए कुल 0.967 हेक्टेयर शासकीय भूमि आवंटित की गई है।

वर्ष 2021-22 में अतिक्रमण दूर कर 8 भूखण्ड 7 इकाईयों को आवंटित किए गए थे। इनमें 2 इकाईयों द्वारा उद्योग स्थापना की कार्यवाही प्रारंभ कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है, 2 इकाईयों द्वारा किराया जमा कर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया है, जबकि 3 इकाईयों द्वारा कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने पर नियमानुसार निरस्तीकरण की कार्यवाही की गई है। संबंधित इकाईयों द्वारा उद्योग आयुक्त के समक्ष अपील प्रस्तुत की गई है, जो प्रक्रियाधीन है।

महाप्रबंधक ने बताया कि कुल 45 औद्योगिक भूखण्डों में से 43 भूखण्ड 26 इकाईयों को आवंटित किए जा चुके हैं। शेष अतिक्रमित भूमि के लिए प्राप्त 2 एकड़ भूमि पर अधोसंरचना विकास कार्य हेतु मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम, ग्वालियर से नया प्राक्कलन तैयार कराया जा रहा है। सर्वे, डिमार्केशन एवं बजट तथा भूमि सीमांकन के संबंध में संबंधित विभागों को पत्राचार किया गया है।

औद्योगिक क्षेत्र में राइस मिल, फ्लोर मिल, वुडन फर्नीचर आदि इकाईयां संचालित हैं। इनसे हानिकारक अपशिष्ट उत्पन्न नहीं होता है तथा स्थापित इकाईयों द्वारा मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से स्थापना एवं संचालन के लिए अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त किए गए हैं।

औद्योगिक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के लिए समय-समय पर सड़क, नाली, पुलिया एवं प्रकाश व्यवस्था आदि के कार्य कराए गए हैं। वर्ष 2021-22 में आरसीसी सड़क, आरसीसी ड्रेन एवं पुलिया निर्माण तथा वर्ष 2024-25 में विद्युतीकरण के लिए ट्रांसफार्मर लगाया गया है। औद्योगिक क्षेत्र की सीमा में अप्रोच रोड शामिल नहीं है। वर्तमान में नगर पालिका द्वारा अप्रोच रोड का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।