भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ( ICAR) के अंतर्गत भारतीय जल प्रबंधन संस्थान, भुवनेश्वर (ओडिशा) द्वारा किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के कृषि विस्तार अधिकारियों एवं आत्मा योजना के बी.टी.एम. एवं ए.टी.एम. अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यालय उप संचालक, कृषि, जिला सीहोर में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान भारतीय जल प्रबंधन संस्थान, भुवनेश्वर के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद कुमार पांडा ने जल उपलब्धता के अनुरूप फसल उत्पादन बढ़ाने तथा सिंचाई जल के कुशल उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्प्रिंकलर सिंचाई, मिनी स्प्रिंकलर एवं ड्रिप सिंचाई जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग से जल संरक्षण एवं उत्पादन क्षमता बढ़ाने के उपाय बताए। साथ ही वर्षा जल संचयन एवं उसके सदुपयोग के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण में डॉ. डी.टी. साहू ने आधुनिक सिंचाई विधियों के माध्यम से पानी की बचत एवं कम जल में अधिक उत्पादन प्राप्त करने की तकनीकों की जानकारी दी। उप संचालक कृषि श्री ए.के. उपाध्याय ने कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए क्षेत्रीय अमले को कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों, जैसे चना, मसूर, सरसों एवं अलसी को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक संचालक कृषि श्री अनिल कुमार जाट एवं अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री भारतसिंह देवड़ा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।