राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश द्वारा भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय साथिया समागम में विदिशा जिले की साथिया रागिनी दांगी ने अपनी रचनात्मक पहल से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन संचालक डॉ. सलोनी सिडाना को किशोर स्वास्थ्य की प्राथमिकताओं पर आधारित हस्तनिर्मित कलाकृति भेंट की। उनकी इस अभिनव पहल की मिशन संचालक डॉ. सलोनी सिडाना एवं संयुक्त संचालक डॉ. शरद तिवारी ने सराहना की।

समागम के दौरान विदिशा जिले की टीम ने साथिया कॉर्नर प्रदर्शनी में प्रभावी प्रदर्शन करते हुए किशोर स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। इस प्रदर्शन के परिणामस्वरूप विदिशा जिले को प्रदेश के 22 जिलों में सातवां स्थान प्राप्त हुआ। उल्लेखनीय है कि जिले में साथिया कार्यक्रम की शुरुआत पिछले वर्ष ही हुई थी। कम समय में हासिल यह उपलब्धि कार्यक्रम से जुड़े प्रतिभागियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों को दर्शाती है।

साथिया कॉर्नर प्रदर्शनी में जिले की टीम ने किया प्रभावी प्रदर्शन

राज्य स्तरीय समागम में विदिशा जिले की ओर से प्रशिक्षक नवीन शर्मा, महिला प्रशिक्षक तथा साथिया अर्पित शिवहरे और रागिनी दांगी ने सहभागिता की। टीम ने प्रदर्शनी के माध्यम से किशोरों के स्वास्थ्य, उनकी समस्याओं और जागरूकता की आवश्यकता से जुड़े विषयों को प्रस्तुत किया। रागिनी दांगी की हस्तनिर्मित कलाकृति ने किशोर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में रचनात्मक अभिव्यक्ति की भूमिका को भी रेखांकित किया।

किशोरों को जागरूक और सशक्त बनाना कार्यक्रम का उद्देश्य

साथिया कार्यक्रम का उद्देश्य किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य एवं जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सही जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें जागरूक और सशक्त बनाना है। इसके अंतर्गत पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, नशे से बचाव, लैंगिक हिंसा, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य और सोशल मीडिया के सदुपयोग जैसे विषयों पर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाती हैं। कार्यक्रम के माध्यम से किशोरों को अपनी समस्याओं को समझने, उचित मार्गदर्शन प्राप्त करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।

स्वास्थ्य विभाग एवं सहयोगी संस्थाओं का रहा योगदान

इस उपलब्धि में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामहित कुमार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुनीत माहेश्वरी, जिला समन्वयक श्रद्धा गुप्ता, जन मंगल संस्थान के निदेशक महेंद्र खरे, संस्था प्रतिनिधि कपिल चौरसिया तथा समन्वयक अर्चना नागेश्वर का मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा।