मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 21 नवंबर 2025 को की गई घोषणा को महज नौ माह के भीतर धरातल पर साकार करते हुए विदिशा जिले के कागपुर क्षेत्र को विधिक रूप से कागपुर पक्षी कंजर्वेशन रिजर्व के रूप में अधिसूचित किया गया है। मंगलवार 25 अगस्त 2026 को जारी राजपत्र अधिसूचना के साथ कागपुर मध्यप्रदेश में पक्षी एवं जैव विविधता संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आया है।

इस उपलब्धि के पीछे प्रशासनिक तत्परता, विभागीय समन्वय और समयबद्ध कार्यवाही की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विदिशा वनमंडलाधिकारी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर क्षेत्र का स्थल निरीक्षण, जीपीएस मैपिंग एवं सीमांकन जैसी आवश्यक कार्यवाहियां तेजी से पूरी कीं। इसके फलस्वरूप वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 36- क के तहत आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए अधिसूचना जारी की जा सकी।

53.5 हेक्टेयर क्षेत्र हुआ अधिसूचित

वन विभाग के अनुसार कागपुर पक्षी कंजर्वेशन रिजर्व का कुल अधिसूचित क्षेत्रफल 53.5 हेक्टेयर अर्थात 0.535 वर्ग किलोमीटर है। यह क्षेत्र वनमंडल विदिशा, वन वृत्त भोपाल के अंतर्गत आता है। अधिसूचित क्षेत्र में ग्राम कागपुर के खसरा क्रमांक 125 एवं 126 तथा ग्राम गढ़ला के खसरा क्रमांक 1, 2, 90/1 एवं 105 शामिल हैं।

राजपत्र में अधिसूचना का प्रकाशन 25 अगस्त 2026 के माध्यम से इस क्षेत्र को संरक्षण का विधिक आधार प्राप्त हुआ है।

प्रवासी पक्षियों का वर्षों से पसंदीदा बसेरा

बेतवा और बाहा नदियों के मध्य स्थित कागपुर का प्राचीन जलक्षेत्र लंबे समय से देशी एवं विदेशी प्रवासी पक्षियों के लिए अनुकूल आवास रहा है। क्षेत्र की प्राकृतिक परिस्थितियां पक्षियों के लिए भोजन, जल एवं विश्राम की उपयुक्त व्यवस्था उपलब्ध कराती हैं। आसपास वनभूमि की सीमित उपलब्धता को देखते हुए इस महत्वपूर्ण पक्षी आवास को विधिक संरक्षण प्रदान करना पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम है।

संरक्षण के साथ ईको टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

कागपुर पक्षी कंजर्वेशन रिजर्व के अधिसूचित होने से क्षेत्र में जैव विविधता एवं पक्षी आवास के संरक्षण को मजबूती मिलेगी। अवैध शिकार और अतिक्रमण जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ वैज्ञानिक तरीके से क्षेत्र के प्रबंधन की दिशा में कार्य किया जा सकेगा।

भविष्य में कागपुर को बर्ड वाचिंग, पर्यावरण शिक्षा और जिम्मेदार ईको टूरिज्म के केंद्र के रूप में विकसित किए जाने की संभावनाएं हैं। इससे स्थानीय समुदाय की सहभागिता बढ़ने के साथ ही प्रकृति आधारित आजीविका के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं।

नौ माह में घोषणा से अधिसूचना तक

कागपुर की यह उपलब्धि पर्यावरण संरक्षण के लिए की गई घोषणा को समयबद्ध प्रशासनिक प्रक्रिया के माध्यम से धरातल पर उतारने का उदाहरण है। वन एवं राजस्व विभाग के समन्वित प्रयासों से स्थल निरीक्षण, जीपीएस मैपिंग, सीमांकन और वैधानिक औपचारिकताओं को तेजी से पूरा किया गया। इस प्रकार 21 नवंबर 2025 की घोषणा से 25 अगस्त 2026 की राजपत्र अधिसूचना तक की यात्रा ने कागपुर को विधिक संरक्षण प्रदान करने का मार्ग प्रशस्त किया।

कागपुर पक्षी कंजर्वेशन रिजर्व अब विदिशा जिले में प्राकृतिक संपदा, पक्षी संरक्षण और जैव विविधता के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होने की संभावनाएं रखता है।