उज्जैन, 24 सितम्बर। भारत सरकार, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय द्वारा भारत के राजपत्र क्रमांक 4407 दिनांक 19 अगस्त 2026 एवं राजपत्र क्रमांक 4907 दिनांक 03 सितम्बर 2026 में शक्कर के स्टॉक नियंत्रण हेतु अधिसूचनाएं जारी की गई हैं।
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशों के अनुक्रम में ये प्रावधान जिला उज्जैन में भी लागू हैं।
यह आदेश सरकारी खाते पर रखे गये स्टॉक तथा राज्य सरकार द्वारा नामनिर्दिष्ट डीलरों द्वारा उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से वितरण हेतु रखे गये स्टॉक पर लागू नहीं होगा।
भारत सरकार द्वारा जारी उक्त अधिसूचनाओं एवं मध्यप्रदेश शासन के पत्र के अनुसार शक्कर के डीलर तथा बल्क उपभोक्ता की अधिकतम स्टॉक सीमा निम्नानुसार निर्धारित की गई है—
* *बल्क उपभोक्ता* के लिए दिनांक 19 अगस्त 2026 से अधिकतम स्टॉक सीमा *10 मीट्रिक टन* निर्धारित की गई है। * *शक्कर के डीलर* के लिए दिनांक 15 सितम्बर 2026 से एक समय में अधिकतम स्टॉक सीमा *2000 क्विंटल* प्रवृत्त की गई है।
अधिसूचना के अनुसार डीलर अधिकतम 30 दिवस तक तथा बल्क उपभोक्ता अधिकतम 15 दिवस तक ही शक्कर का स्टॉक रख सकते हैं। अर्थात उक्त विहित अवधि के भीतर संधारित शक्कर के स्टॉक का निस्तारण/विक्रय किया जाना अनिवार्य होगा।
उक्त परिपालन में सभी डीलरों के लिए खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग के पोर्टल *https://foodstock.dfpd.gov.in* पर शक्कर के स्टॉक की स्थिति घोषित करना तथा नियमित रूप से अद्यतन करना अनिवार्य है।
थोक/बल्क उपभोक्ता के अंतर्गत हलवाई, मिठाई विक्रेता, शीतल पेय निर्माता, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग आदि शामिल हैं। जिला आपूर्ति नियंत्रक, उज्जैन ने सभी संबंधित डीलरों एवं बल्क उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे भारत सरकार एवं राज्य शासन के उक्त निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें, ताकि बाजार में शक्कर की उपलब्धता सुव्यवस्थित रहे तथा किसी प्रकार की अनियमितता की स्थिति उत्पन्न न हो।



