दीपावली के पावन पर्व पर कलेक्टर विकास मिश्रा ने संवेदनशील पहल करते हुए पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के हितग्राही बच्चों के निवास पर पहुंचकर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। उन्होंने बच्चों को शिक्षण सामग्री, नए वस्त्र एवं दीपावली के उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कोरोना काल में अपने माता-पिता को खो चुके बच्चों के जीवन में दीपावली की खुशियां लाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा यह पहल की गई। कलेक्टर विकास मिश्रा ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, स्वास्थ्य एवं दैनिक आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा के प्रति बच्चों की लगन और उत्साह की सराहना की तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने बच्चों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि वे स्वयं को कभी अकेला न समझें। शासन और जिला प्रशासन उनके अभिभावक के रूप में सदैव उनके साथ खड़ा है। बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बच्चों को पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत लाभान्वित बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यकताओं की नियमित निगरानी की जाए। छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य बीमा सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बच्चों की आवश्यकताओं और समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए, ताकि उनके भविष्य के निर्माण में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास प्रवेश मिश्रा, परिवीक्षा अधिकारी अनुराग पाण्डेय, पर्यवेक्षक मंजुला तिग्गा सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
