धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत अयोध्या-काशी (वाराणसी) यात्रा के लिए तीर्थ यात्रियों का चयन अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पारदर्शी पूर्ण तरीके से किया गया। चयनित यात्रियों की सूची कलेेक्ट्रेट कार्यालय सहित सभी तहसील कार्यालयों के सूचना पटल पर चस्पा की गई है।

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के निर्देशानुसार हितग्राही चयन हेतु कम्प्युटराईज्ड प्रक्रिया अपनाते हुए लाटरी निकाली गई। एनआईसी कक्ष श्योपुर में संपन्न हुई कम्प्युटराईज्ड लाटरी प्रक्रिया के दौरान अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय, डिप्टी कलेक्टर श्री शिवलाल शाक्य, भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री मोनू सोनी, जिला उपाध्यक्ष श्री राजबहादुर मारू, सोशल मीडिया संयोजक श्री रवि सक्सैना, लोक सेवा प्रबंधक श्री योगेश पुरोहित, ई-गर्वेनेस मैनेजर श्री धर्मेन्द्र मीणा, डीआईओ श्री शुभम नवानी, शाखा प्रभारी श्री अमित माहौर उपस्थित रहें। अयोध्या-काशी (वाराणसी) यात्रा के लिए कुल 603 हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से योजना के तहत पूर्व में लाभ प्राप्त करने और आयु सीमा के चलते 84 हितग्राहियों के आवेदन अपात्र हुए, शेष 519 आवेदको के नामों में से कम्प्युटराईज्ड माध्यम से लाटरी निकालकर 262 हितग्राहियों का चयन किया गया। साथ ही 27 हितग्राही प्रतीक्षा सूची में शामिल है।

उल्लेखनीय है कि श्योपुर जिले को अयोध्या-काशी (वाराणसी) तीर्थ स्थान की यात्रा के लिए 262 यात्रियों का कोटा प्राप्त हुआ है। यह तीर्थ यात्रा 31 अक्टूबर से 05 नवंबर 2026 तक होगी। इस यात्रा में शामिल होने के लिए 21 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किये गये थे।