सांदीपनि विद्यालय श्योपुर में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कक्षा 1 से 8 वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान ड्रॉइंग, पेंटिंग सहित विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा को रंगों और चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
वहीं कई विद्यार्थियों ने अपने हाथों से मिट्टी के गणेशजी की आकर्षक प्रतिमाएं बनाकर पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय कला-संस्कृति का सुंदर संदेश दिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की प्रतिभा और मेहनत का मूल्यांकन किया गया। शीतल नामदेव ने प्रथम, कार्तिकेय मीणा ने द्वितीय तथा अनमोल राठौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यालय परिवार ने उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य श्री अशोक कुमार खंडेलवाल ने विद्यार्थियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती, आवश्यकता केवल उसे पहचानने और अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में कल्पनाशक्ति, आत्मविश्वास, कला-कौशल और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान विकसित करती हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को भगवान गणेश के जीवन से प्रेरणा लेते हुए ज्ञान, अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पूरे विद्यालय परिसर को रचनात्मकता और गणेश भक्ति के रंग में रंग दिया। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने वाली ऐसी गतिविधियों को निरंतर जारी रखने की बात कही।




