जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित मंदसौर की 108वीं वार्षिक साधारण सभा का आयोजन विगत दिवस कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक श्री दिव्यांक सिंह की अध्यक्षता में किया गया। सभा में मंदसौर एवं नीमच जिले में स्थित सदस्य सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
सभा के प्रारंभ में बैंक प्रशासक एवं कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि बैंक का गौरवशाली इतिहास रहा है और इसे आगे भी गौरवशाली बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि ग्राहक-केंद्रित बैंकिंग सेवाएं बैंक की प्राथमिकता रहेंगी। किसानों को सरल एवं बेहतर कृषि ऋण उपलब्ध कराने के साथ सहकारिता के माध्यम से “एक ग्राम, एक उद्यम” की दिशा में कार्य करते हुए कृषि उपज से उत्पाद निर्माण, प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। एग्रो-बेस्ड उद्योगों के वित्त पोषण से क्षेत्र में कृषि प्रसंस्करण उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित किया जाएगा।
श्री सिंह ने कहा कि ऋण केवल ऋण वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि उसके माध्यम से आर्थिक गतिविधियों एवं रोजगार के अवसरों का सृजन भी होता है। किसानों की आय में वृद्धि के लक्ष्य की पूर्ति में सहकारी बैंक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने ऋण वसूली, वित्तीय अनुशासन, साइबर सुरक्षा एवं ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्राहकों का विश्वास बैंक की सबसे बड़ी ताकत है और बैंक को और अधिक मजबूत एवं पारदर्शी बनाने के निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कच्छारा ने सभा को बैंक की वित्तीय उपलब्धियों से अवगत कराते हुए बताया कि बैंक की अंशपूंजी 95.32 करोड़ एवं निधियां 158.10 करोड़ हैं। वर्ष के दौरान बैंक द्वारा 1,251.88 करोड़ का ऋण वितरण किया गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में बैंक ने 11.20 करोड़ का लाभ अर्जित किया, जिसमें से सदस्यों को 1.25 प्रतिशत की दर से 1.15 करोड़ का लाभांश वितरित किया गया। साथ ही मध्यप्रदेश शासन को 24.75 लाख का लाभांश प्रदान किया गया।
सभा में उपस्थित सदस्य प्रतिनिधियों ने बैंक की कार्यप्रणाली एवं उपलब्धियों पर अपने विचार व्यक्त किए तथा किसानों एवं सहकारी संस्थाओं से संबंधित विभिन्न सुझाव दिए। प्रतिनिधियों द्वारा किसानों को खाद की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने, सहकारी संस्थाओं के निर्वाचन शीघ्र कराने तथा किसानों को उनकी जमा राशि के अगले ही दिन क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने जैसे सुझाव रखे गए।
इस अवसर पर चयनित सहकारी संस्थाओं के हितग्राहियों को वायर फेंसिंग हेतु ऋण वितरण किया गया। उत्कृष्ट वसूली कार्य करने वाले संस्था प्रबंधकों तथा अटल पेंशन योजना में उल्लेखनीय कार्य करने वाले बैंक शाखा प्रबंधकों को पुरस्कृत किया गया। वहीं, क्रिस योजना के माध्यम से वसूली में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चयनित राजस्व अधिकारियों को प्रोत्साहन राशि के चेक प्रदान किए गए।
नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक श्री योगेन्द्र सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि शासन द्वारा सहकारिता के माध्यम से विकास के लिए नए कदम उठाए जा रहे हैं तथा सहकारी संस्थाओं की भूमिका को और प्रभावी बनाया जा रहा है।
सभा में उप आयुक्त सहकारिता मंदसौर श्री राजू डाबर, सहायक आयुक्त सहकारिता नीमच श्री एन.एस. भाटी, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक श्री योगेन्द्र सिंह सहित बैंक के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में सदस्य संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अंत में नोडल अधिकारी श्रीमती आयुषी राठौर ने उपस्थित अतिथियों, प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। सभा का संचालन सांख्यिकी अधिकारी श्री मुकेश पालिवाल द्वारा किया गया।

