हाथीपावा को पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक स्वरूप के अनुरूप ग्रीन फील्ड टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर आज कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में हाथीपावा क्षेत्र में पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्थायी जल आपूर्ति व्यवस्था विकसित करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। इसमें मौजूदा जल स्रोतों की स्थिति, पंपिंग व्यवस्था, जल संग्रहण संरचना, पाइपलाइन विस्तार एवं विद्युत कनेक्शन जैसे आवश्यक कार्यों के प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।
जल आपूर्ति एवं आधारभूत सुविधाओं के लिए चार प्रमुख कार्य पैकेज प्रस्तावित
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा तैयार प्रस्ताव के अंतर्गत चार प्रमुख कार्य पैकेज प्रस्तुत किए गए। इनमें 30 फीट गहरे कुएं एवं पाइपलाइन संबंधी कार्य, ध्वजारोहण स्थल पर विद्युत कनेक्शन एवं मोनोब्लॉक पंप की व्यवस्था, 30 हजार लीटर क्षमता के नवीन संपवेल एवं पाइपलाइन निर्माण तथा नलकूप एवं पंप संबंधी कार्य शामिल हैं।
प्रस्तावित कार्यों के अंतर्गत जल स्रोतों के विकास एवं सुधार, पंप हाउस निर्माण, आवश्यक पाइपलाइन बिछाने, विद्युत कनेक्शन एवं ट्रांसफार्मर की व्यवस्था तथा नवीन नलकूप स्थापित करने जैसे कार्य किए जाने प्रस्तावित हैं।
तकनीकी परीक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर
बैठक में प्रस्तावित कार्यों के तकनीकी परीक्षण, जल स्रोतों की क्षमता एवं गुणवत्ता की जांच, पाइपलाइन के मार्ग निर्धारण तथा विद्युत कनेक्शन की उपलब्धता के संबंध में चर्चा की गई। साथ ही विकास कार्यों के दौरान हाथीपावा की प्राकृतिक सुंदरता, हरित आवरण एवं पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। निर्माण कार्य इस प्रकार किए जाने पर बल दिया गया, जिससे पेड़-पौधों एवं प्राकृतिक ढलानों को न्यूनतम नुकसान पहुंचे।
प्रस्तावित कार्यों के क्रियान्वयन से हाथीपावा में जल उपलब्धता एवं आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी। इससे पूर्व निर्धारित ग्रीन फील्ड टूरिस्ट डेस्टिनेशन विकास योजना को आगे बढ़ाने तथा पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही प्रकृति आधारित पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने के साथ क्षेत्र के प्राकृतिक एवं पर्यावरणीय स्वरूप का संरक्षण भी सुनिश्चित हो सकेगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार, वनमंडलाधिकारी श्री भारत सोलंकी, सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



