व्यवसाय का उद्देश्य मुनाफा कमाना होता है, लेकिन यदि मन में परोपकार की भावना हो, तो मुनाफे की राशि से समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद भी की जा सकती है। श्रीराम फाइनेंस द्वारा ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े गरीब परिवारों के मेधावी बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान कर व्यवसाय और परोपकार को जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया गया है। श्रीराम फाइनेंस की यह पहल अन्य व्यवसायियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। यह बात मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने 22 अक्टूबर को ग्राम कोसमी में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
कार्यक्रम में सांसद श्रीमती भारती पारधी, विधायक श्री राजकुमार कर्राहे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री राजा लिल्हारे, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री फूलचंद सहारे, कलेक्टर श्री आदित्य सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तनुश्री मीणा, एसडीएम श्री गोपाल सोनी, श्रीमती मीना राहंगडाले, श्री कल्याण सिंह राणा, श्री आनंद कोचर, श्री अभय कोचर, ग्राम पंचायत कोसमी की सरपंच श्रीमती अंबिका नगपुरे सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर आगे बढ़ने का किया आह्वान
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने श्रीराम फाइनेंस द्वारा संचालित ‘नवगति हर सफर में प्रगति’ कार्यक्रम के अंतर्गत एजुकेशन स्कॉलरशिप प्रोग्राम के लिए चयनित छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी प्रगति की गति इसी तरह बनाए रखें और आगामी कक्षाओं में भी 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने का प्रयास करें, ताकि उन्हें आगे भी छात्रवृत्ति का लाभ मिलता रहे।
मंत्री श्री पटेल ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि गरीबी किसी के लिए अभिशाप नहीं होती, बल्कि जीवन की कमजोरियां ही व्यक्ति की प्रगति में बाधा बनती हैं। इसलिए विद्यार्थियों को नशे जैसी गलत आदतों से दूर रहकर अपनी पढ़ाई, मेहनत और उज्ज्वल भविष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। आज के बच्चे विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। ऐसे में प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन का लक्ष्य अभी से तय करना चाहिए और उसे हासिल करने के लिए तन-मन से प्रयास करना चाहिए।
श्रमिकों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेगी आर्थिक सहायता
मंत्री श्री पटेल ने श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि जिन बच्चों के माता-पिता श्रमिक हैं और उनके पास संबल कार्ड है, ऐसे बच्चों को 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए श्रम विभाग द्वारा सहायता प्रदान करने की योजना बनाई गई है। इसके अंतर्गत पात्र बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक वर्ष तक प्रतिमाह 7,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में चार श्रमोदय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त नवोदय विद्यालयों की तर्ज पर प्रदेश में तीन और श्रमोदय विद्यालय बनाए जा रहे हैं। इन प्रयासों से श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मंत्री श्री पटेल ने ग्राम बगदरा एवं कोसमी में नशामुक्ति के लिए पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति की दिशा में किए जा रहे ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और युवाओं को बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित करते हैं।
व्यवसायिक संस्थाएं भी सामाजिक सेवा में निभाएं अपनी भूमिका – सांसद श्रीमती भारती पारधी
कार्यक्रम में सांसद श्रीमती भारती पारधी ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के विकास और जरूरतमंद लोगों की सहायता की जिम्मेदारी केवल सरकार के भरोसे नहीं छोड़ी जा सकती। व्यवसायिक एवं उद्यम से जुड़ी संस्थाओं को भी सामाजिक सेवा के लिए आगे आना चाहिए। श्रीराम फाइनेंस द्वारा एजुकेशन स्कॉलरशिप प्रोग्राम शुरू करना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके लिए कंपनी बधाई की पात्र है।
सांसद श्रीमती पारधी ने कहा कि श्रीराम फाइनेंस की इस पहल से गरीब परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि देश-दुनिया में महान उपलब्धियां हासिल करने वाले अनेक लोग सामान्य परिवारों से आए हैं। उन्होंने अपने लक्ष्य निर्धारित किए और उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत की। इसी संकल्प और परिश्रम के बल पर उन्होंने सफलता हासिल की। उन्होंने छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से कहा कि वे इस सहायता राशि का सदुपयोग करें और पूरी लगन एवं समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। अपनी मेहनत से माता-पिता के सपनों को साकार करें। उन्होंने कहा कि जीवन के इस पड़ाव पर विद्यार्थियों के सामने आगे बढ़ने के अनेक रास्ते हैं। अब उन्हें अपनी रुचि, क्षमता और लक्ष्य के अनुसार सही मार्ग चुनकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रयास करना है।
बालाघाट जिले के 1,000 प्रतिभाशाली बच्चों को दी जा रही छात्रवृत्ति
कार्यक्रम में श्रीराम फाइनेंस के श्री सचिन सिंह सेखावत ने कंपनी की छात्रवृत्ति पहल की जानकारी देते हुए बताया कि ‘नवगति हर सफर में प्रगति’ कार्यक्रम के अंतर्गत एजुकेशन स्कॉलरशिप प्रोग्राम के माध्यम से बालाघाट जिले में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े ऑपरेटरों, ड्राइवरों, कंडक्टरों एवं किसानों के प्रतिभाशाली बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के 1,000 बच्चों को छात्रवृत्ति का लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि श्रीराम फाइनेंस द्वारा देशभर में दो लाख से अधिक बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है, जिनमें मध्यप्रदेश के 12 हजार से अधिक बच्चे शामिल हैं। लगभग 50 वर्ष पूर्व चेन्नई में शुरू हुई इस कंपनी ने रोजगार सृजन के उद्देश्य के साथ अपनी व्यावसायिक यात्रा शुरू की और आज एक बड़े मुकाम तक पहुंची है। कंपनी अब छात्रवृत्ति कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली बच्चों की शिक्षा में सहयोग कर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करा रही है।
श्रीराम फाइनेंस का एजुकेशन स्कॉलरशिप प्रोग्राम आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की पहल है। ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े परिवारों के बच्चों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराकर कंपनी ने शिक्षा के महत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सामने रखा है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और परिश्रम के साथ भविष्य निर्माण करने का संदेश दिया गया। साथ ही, व्यवसाय के साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ने तथा जरूरतमंद परिवारों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देने पर भी जोर दिया गया।




