प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना एक ऐसी अत्योदय योजना है, जिसने प्रत्येक नागरिक के लिए खाद्य सुरक्षा को मजबूत बनाया है, यह योजना खाद्य सुरक्षा की ओर शासन की नैतिक जिम्मेदारी का सबसे बडा उदाहरण है, जिसमें सभी के लिए खाद्यान की उपलब्धता को सुनिश्चित किया गया है।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत श्योपुर जिले में 1 लाख 29 हजार 836 परिवारों को इसका लाभ मिल रहा है। जिले की 274 उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से हर माह सरलता के साथ उपभोक्ताओं को खाद्यान का वितरण किया जा रहा है। यह एक ऐसी व्यवस्था है, जो खाद्य सुरक्षा को बढाती है और हर महीने जरूरतमंद उपभोक्ताओं की खाद्यान संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति करती है।
खास बात यह है कि इस योजना के अंतर्गत निशुल्क खाद्यान प्रदाय किया जा रहा है, अर्थात किसी भी उपभोक्ता से किसी भी प्रकार की कोई भी राशि नही ली जाती है। योजना को पीओएस मशीन के माध्यम से इतना पारदर्शी बनाया गया है कि संबंधित उपभोक्ता को ही खाद्यान मिलता है बायोमैट्रिक पहचान के बाद खाद्यान वितरण की इस व्यवस्था से हजारों परिवारों की खाद्यान सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है।
अंत्योदय योजना की हितग्राही बुजुर्ग महिला श्रीमती भरोसी बाई बैरवा, जो कि पाण्डोला की रहने वाली है, बताती है कि पिछले काफी वर्षो से योजना का लाभ मिल रहा है, उन्हें इस योजना से प्रत्येक माह 30 किलो गेहूं और 5 किलो चावल मिलते है, वह भी निशुल्क, इस खाद्यान से उनके परिवार को बडा आर्थिक सहारा मिल रहा है।
वे बताती है कि इस बार तो अगस्त में ही सितंबर का एडवांस खाद्यान दिया गया, जिससे बारिश में हमें किसी प्रकार की परेशानी न हों। उन्हें अगस्त माह में 60 किलो गेहूं और 10 किलो चावल मिले हैं, जो उनके परिवार के लिए दो माह के भोजन के लिए पर्याप्त है।
इसके लिए वे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति कृतज्ञता जताते हुए कहती है कि हम जैसे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आगे बढाने का कार्य किया जा रहा है, क्योकि भोजन की सुरक्षा तो सुनिश्चित हो गई और जो राशि हमें खाद्यान की व्यवस्था में खर्च करनी पडती, उस राशि की बचत हर माह हो रही है, जिससे हम जैसे परिवार धीरे-धीरे आर्थिक कमजोरी से उभर रहे है।
अनुसूचित जाति परिवार की श्रीमती रामकथा बैरवा भी अंत्योदय की हितग्राही है और उन्हें प्रतिमाह 35 किलो खाद्यान मिलता है, जो उनके परिवार की खाद्यान आवश्यकताओं की पूर्ति कर रहा है। इस योजना में पात्रता के आधार पर भी खाद्यान उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। श्री बनवारी सुमन ऐसे ही हितग्राही है, जिन्हें पात्रता श्रेणी के आधार पर प्रत्येक सदस्य के मान से 5 किलो खाद्यान मिलता है, परिवार में तीन सदस्य है, इसलिए हर माह 15 किलो खाद्यान निशुल्क रूप से मिल रहा है। जिले में इस योजना के हितग्राही बडी संख्या में है और योजना अंत्योदय कल्याण का उदाहरण बन गई है।




