गणेश उत्सव को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की पहल के तहत ग्राम पंचायत मोहबट्टा में “माटी गणेश एवं सिद्ध गणेश प्रतिमा निर्माण प्रशिक्षण कार्यशाला” का आयोजन किया गया। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के “माटी गणेश, सिद्ध गणेश” अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला में ग्रामीणों, नवांकुर संस्थाओं, नवांकुर सखियों एवं प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों को प्राकृतिक मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक महेश पटले ने अभियान के उद्देश्य एवं पर्यावरण अनुकूल गणेश उत्सव के महत्व की जानकारी दी। वहीं प्रशिक्षक मनोज गढ़पाले ने प्रतिभागियों को मिट्टी से आकर्षक गणेश प्रतिमा तैयार करने की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों ने स्वयं अपने हाथों से मिट्टी की गणेश प्रतिमा तैयार कर इस कला को सीखा।
पूजा के बाद गमले में विसर्जन, मिट्टी से उगेगा पौधा
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि प्राकृतिक मिट्टी से घर पर ही छोटी गणेश प्रतिमा तैयार की जा सकती है। गणेश उत्सव के बाद प्रतिमा का सीमित मात्रा में पानी में विसर्जन कर प्राप्त मिट्टी को गमले या पॉट में डालकर उसमें पौधा लगाया जा सकता है। इस तरह गणेश उत्सव को “पूजा से प्रकृति संरक्षण” और “आस्था से हरियाली” से जोड़ा जा सकता है। प्रतिभागियों को प्रेरित किया गया कि वे स्वयं माटी गणेश बनाएं और अपने परिवार, गांव तथा ग्रामीण समुदाय को भी पर्यावरण अनुकूल गणेश उत्सव के लिए जागरूक करें।
POP की प्रतिमाओं से होने वाले नुकसान बताए
कार्यशाला में प्लास्टर ऑफ पेरिस (POP) से निर्मित प्रतिमाओं के विसर्जन से जलस्रोतों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि POP आसानी से घुलता नहीं है और इसके अवशेष तालाबों एवं नदियों में लंबे समय तक बने रह सकते हैं। प्रतिमाओं में प्रयुक्त रासायनिक रंग, पेंट एवं सजावटी सामग्री भी जल की गुणवत्ता और जलीय जीवों के लिए नुकसानदायक हो सकती है। प्रतिभागियों से आह्वान किया गया कि वे “POP की मूर्ति छोड़ें, माटी के गणेश अपनाएं” के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाएं।
प्रशिक्षण के साथ मिला पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम में मेंटर शिवनाथ यादव ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के महत्व तथा मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं के उपयोग के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलना समय की आवश्यकता है। परामर्शदाता राजीव परते ने भी प्रतिभागियों को पर्यावरण अनुकूल तरीके से गणेश उत्सव मनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया और संकल्प लिया कि वे सीखी गई कला एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश अपने गांवों और समुदाय तक पहुंचाएंगे। कार्यक्रम में नवांकुर संस्था के राजेन्द्र बिसेन, कुंदन मेरावी, मेंटर आकांक्षा तेकाम, संगीता उइके सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं नवांकुर सखियां उपस्थित रहीं।




